नीतीश मंत्रिमंडल से मुकेश सहनी को बर्खास्त की मांग, भाजपा ने किया लिखित अनुरोध
सियासी तनातनी के बाद भाजपा ने वीआईपी पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया हैं , काफी दिनोंं से बिहार की सियासत में राजग के अंदर मुकेश सहनी के प्रति भाजपा कार्यकर्ता आक्रामक हो रहे थे।
11:07 PM Mar 27, 2022 IST | Desk Team
सियासी तनातनी के बाद भाजपा ने वीआईपी पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया हैं , काफी दिनोंं से बिहार की सियासत में राजग के अंदर मुकेश सहनी के प्रति भाजपा कार्यकर्ता आक्रामक हो रहे थे। सूत्रों ने बताया कि भाजपा ने श्री सहनी को मंत्री पद से हटाने के लिए लिखित रूप में मुख्यमंत्री से अनुरोध किया था।
Advertisement
बिहार चुनाव मेंं मुकेश सहनी को अपने कोटे से दी थी 11 सीटें
दरअसल श्री सहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को भाजपा ने विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल करते समय अपने कोटे की 11 सीट दी थी, जिनमें से उसके चार विधायक जीतकर विधानसभा में पहुंचे थे लेकिन श्री सहनी चुनाव हार गए थे। इसके बावजूद उन्हें भाजपा कोटे से मंत्री बनाया गया। इतना ही नहीं भाजपा के श्री विनोद नारायण झा के विधानसभा का सदस्य चुने जाने के कारण रिक्त हुई विधान परिषद की सीट श्री सहनी को दी गई।
वीआईपी के तीनों विधायक भाजपा में शामिल
भाजपा का कहना है कि श्री सहनी अब राजग का हिस्सा नहीं रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद, मोदी के खिलाफ बोल कर और बोचहा (सु) विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में राजग उम्मीदवार के खिलाफ अपना प्रत्याशी खड़े कर लक्ष्मण रेखा लांघ दी है। इसके बाद उनकी पार्टी वीआईपी के तीन विधायक भी उनका साथ छोड़ कर भाजपा में शामिल हो गये। इसके बाद से ही श्री सहनी को मंत्रिमंडल से हटाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। वहीं, श्री सहनी का कहना था कि वे मंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जो भी निर्णय होगा वह मानेंगे।
Advertisement