धोनी क्रिकेट जगत में सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ फिनिशर हैं : हसी
हस्सी ने एक टीवी चैनल के वीडियोकास्ट में संजय मांजरेकर से बात करते हुए कहा, ‘‘धोनी क्रिकेट जगत में सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ फिनिशर हैं। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘धोनी शांतचित बने रह सकते हैं और विरोधी टीम के कप्तान को मौका देते हैं। धोनी के पास अविश्वसनीय ताकत है
10:16 PM Apr 14, 2020 IST | Desk Team
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज माइकल हसी ने भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तारीफ करते हुए कहा कि धोनी क्रिकेट जगत के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर हैं। हालांकि, हसी खुद क्रिकेट के बेहतरीन फिनिशरों में से एक रहे हैं। मगर फिर भी उनका मानना है कि इस मामले में भारत के विश्व कप विजेता ने वाले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का कोई तोड़ नहीं है जिन्हें उन्होंने इस भूमिका में सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर बताया।
हसी ने एक चैनल के वीडियोकास्ट में संजय मांजरेकर से बात करते हुए कहा, ‘‘धोनी क्रिकेट जगत में सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ फिनिशर हैं। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘धोनी शांतचित बने रह सकते हैं और विरोधी टीम के कप्तान को मौका देते हैं। धोनी के पास अविश्वसनीय ताकत है। वह जानते हैं कि कब उन्हें गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाना है। उनके पास इस तरह का आत्मविश्वास है। ईमानदारी से कहूं तो मेरा खुद पर इतना भरोसा नहीं रहा। ’’
44 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हुए लक्ष्य का पीछा करते समय उन्होंने धोनी से यह कला सीखी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं कोशिश करता था कि निर्धारित रन रेट 12 या 13 रन से ऊपर नहीं जाए। और मैंने इसे धोनी से सीखा, वह अविश्वसनीय है। उसका मानना है कि जो दूसरों में दहशत पैदा करता है वह आखिर में जीत दर्ज करता है।
धोनी शांतचित बने रहते हैं और लंबे समय तक ऐसे बने रहते हैं क्योंकि दबाव गेंदबाजों पर भी होता है। ’’ महान खिलाड़ियों की बात करते हुए हसी ने कहा, ‘‘वे लंबे समय तक हार को दिमाग में नहीं बिठाए रखते। अगर वे हारते हैं तो उसे पीछे छोड़कर तुरंत आगे के बारे में सोचते हैं। वे हार या जीत को खुद पर हावी नहीं होने देते हैं। वे हमेशा एक जैसे बने रहते हैं चाहे वह धोनी हों या रिकी पोंटिंग। ’’
Advertisement
Advertisement