MP में कोविड नियमों की उड़ी धज्जियां, सामूहिक नमाज अदा करने पर दो मौलवियों सहित 200 लोगों पर FIR
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के दो मस्जिदों में कोविड-19 दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर सामूहिक रूप से नमाज पढ़ने के मामले में दो मौलवियों सहित करीब 200 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
10:07 PM May 08, 2021 IST | Ujjwal Jain
Advertisement
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के दो मस्जिदों में कोविड-19 दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर सामूहिक रूप से नमाज पढ़ने के मामले में दो मौलवियों सहित करीब 200 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। नौगांव के थाना प्रभारी संजय बेदिया ने बताया कि छतरपुर जिला मुख्यालय से करीब 23 किलोमीटर दूर नौगांव नगर की दो प्रमुख मस्जिदों जामा मस्जिद एवं पल्टन मस्जिद में कोरोना कर्फ्यू के बावजूद शुक्रवार को करीब 200 लोगों ने नमाज अदा की।
Advertisement
उन्होंने कहा कि जानकारी मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और दो मौलवियों सहित करीब 200 लोगों के खिलाफ भादंवि की धारा 188, 270 एवं 271 के तहत मामला दर्ज किया।बेदिया ने बताया कि इससे पहले भी इन दोनों मस्जिदों में यह गलती की गयी थी, लेकिन तब हमने इन्हें समझाइश देकर छोड़ दिया था।
Advertisement
वहीं आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रदेश में कोविड-19 की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर चर्चा कर उन्हें मध्य प्रदेश में कोविड-19 की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और लगातार कम हो रहे संक्रमण दर और बेहतर हो रही रिकवरी रेट की जानकारी दी। उनसे मैंने प्रदेश सरकार द्वारा किए गए अभिनव प्रयासों को भी साझा किया।’’
Advertisement
उन्होंने आगे लिखा, ‘‘मैंने प्रधानमंत्री मोदी को किल कोरोना अभियान, मध्य प्रदेश जनता कर्फ्यू, कोरोना वॉलंटियर्स, आइसोलेशन सेंटर, प्रदेश में बने कोविड-19 केयर सेंटर (कोविड-19 देखभाल केन्द्र), अस्थायी कोविड अस्पतालों के निर्माण के लिए सरकार के प्रयास, जनजागरुकता अभियान और योग से निरोग अभियान की प्रगति के बारे में बताया।’’
इस बीच, मध्य प्रदेश के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री चौहान ने प्रधानमंत्री को रेमडेसिविर इंजेक्शन और ऑक्सीजन की उपलब्धता एवं इनकी आपूर्ति और प्रदेश में बनाए जा रहे नए ऑक्सीजन प्लांट्स की विस्तार से चर्चा भी की।उन्होंने बताया कि चौहान ने मोदी से प्रदेश में चल रहे टीकाकरण की प्रगति पर भी चर्चा की।अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश सरकार के प्रयासों पर संतोष व्यक्त करते हुए केंद्र द्वारा हर संभव मदद का आश्वासन मुख्यमंत्री को दिया।

Join Channel