TOP 5 NEWS 04 NOVEMBER : आज की 5 सबसे बड़ी खबरें
अमेरिका में 45वें राष्ट्रपति पद पर कौन काबिज होता है, इस पर पूरी दुनिया की नजर है। अमेरिका में जोरदार मतदान के बाद अब मतों की गिनती शुरू हो गई है।
09:56 AM Nov 04, 2020 IST | Desk Team
Advertisement
1 – US ELECTION 2020 : ट्रंप और बाइडेन में कांटे की टक्कर
Advertisement
Advertisement
अमेरिका में 45वें राष्ट्रपति पद पर कौन काबिज होता है, इस पर पूरी दुनिया की नजर है। अमेरिका में जोरदार मतदान के बाद अब मतों की गिनती शुरू हो गई है। इंडियाना और केंटुकी रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के खाते में जाते दिख रहे हैं, वहीं डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन वेरमोंट में विजयी होते दिखाई दे रहे हैं। अमेरिका की कमान डोनाल्ड ट्रंप के पास ही रहेगी या जो बाइडन राष्ट्रपति बनेंगे, इसके लिए अमेरिका में मतगणना जारी है। कई राज्यों में वोटिंग अंतिम दौर में है, तो कई जगहों पर अब मतगणना हो रही है। दुनिया के सबसे ताकतवर पद के लिए एक ओर जहां मुख्य टक्कर में मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हैं तो दूसरी ओर उनके प्रतिद्वंदी डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन हैं। फिलहाल, अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में अब नतीजे आने शुरू हो गए हैं। बता दें कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अलबामा, मिसिसिपी, अर्कनसास, ओक्लाहोमा और टेनेसी में जीत हासिल की है, जबकि जो बिडेन ने कनेक्टिकट, डेलावेयर, इलिनोइस, मैरीलैंड, मैसाचुसेट्स, न्यू जर्सी और रोड आइलैंड को जीता है। इस कड़े मुकाबले के बाद अब सबकी नजरें फ्लोरिडा पर टिक गई हैं।
Advertisement
2 – बिहार चुनाव 2020 : भाजपा की अहम समितियों में होंगे बड़े बदलाव
सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व की नजर बिहार और देश भर में हो रहे उपचुनाव के नतीजों पर भी है। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा के केंद्रीय संगठन में कुछ और बदलाव किए जाने की संभावना है। पार्टी की दो महत्वपूर्ण समितियों केंद्रीय संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति में युवाओं को नए और युवा नेताओं को मौका दिया जा सकता है। इसके साथ ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी बड़े बदलाव किए जाने की संभावना है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पिछले दिनों राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा कर सबको चौंका दिया था। इनमें 50 फीसद से ज्यादा नए और युवा चेहरों को मौका देकर उन्होंने संगठन की नई पीढ़ी की शुरुआत की थी। बता दें कि अब चुनाव नतीजों के बाद केंद्रीय संसदीय बोर्ड व केंद्रीय चुनाव समिति और राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन किया जाना है।
3 – कोरोना वायरस : वैज्ञानिकों ने विकसित की नैनोपार्टिकल वैक्सीन
कोविड-19 का एक प्रयोगात्मक टीका विकसित किया गया है। यूनिवर्सिटी ऑफ वॉशिंगटन स्कूल ऑफ मेडिसिन के वैज्ञानिकों को यह सफलता मिली है। यह एक नैनोपार्टिकल वैक्सीन है, जिसका प्रारंभिक परीक्षण चूहों पर सफल रहा। अब इस प्रयोगात्मक टीके का मानव परीक्षण किया जाएगा। यह शोध सेल पत्रिका में प्रकाशित हुआ है। कोरोना वायरस से संक्रमित हुए मरीजों के ठीक हो जाने के बाद उसके शरीर में एंटीबॉडीज पैदा हो जाती हैं, जो उस व्यक्ति को दोबारा वायरस के हमले से लड़ने में मदद करती हैं। इस शोध में वैज्ञानिकों ने जो नैनोपार्टिकल वैक्सीन तैयार की है, उससे शरीर में विकसित होने वाली एंटीबॉडीज की संख्या संक्रमित होकर ठीक हो चुके व्यक्ति की एंटीबॉडीज से दस गुना ज्यादा है। शोधकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने जो नैनोपार्टिकल प्रयोगात्मक टीका तैयार किया है, वह कोरोना के दूसरे संभावित टीकों के मुकाबले दस गुना ज्यादा ताकतवर है।
4 – भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया की नौसेनाएं दिखा रहीं कौशल
मंगलवार को मालाबार युद्धाभ्यास की शुरुआत हुई। विध्वंसक मिसाइलों से लैस भारत, अमेरिका, जापान व ऑस्ट्रेलिया के युद्धपोत हिन्द महासागर में अपनी ताकत व युद्ध कौशल का प्रदर्शन करते नजर आए। बंगाल की खाड़ी में तीन से छह नवंबर तक चारों देशों की नौसेनाएं संयुक्त रूप से जोर आजमाइश करती दिखेंगी। विशेषज्ञों के मुताबिक, इससे चीन की बेचैनी बढ़नी तय है। यह बहुपक्षीय नौसैनिक युद्धाभ्यास है, इसमें नौसेनाएं युद्ध जैसे हालात पैदा करती हैं और आपस में संघर्ष करती नजर आती हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, पहली बार इतने बड़े मुल्क की नौसेनाएं एक साथ, एक महासागर में एक खास उद्धेश्य के साथ उतरी हैं। हिन्द महासागर में चीन की बढ़ती नापाक हरकतों पर लगाम लगाना उनका मकसद है और यही चीन की बेचैनी बढ़ने की बड़ी वजह है। बता दें कि पिछले साल इसे सितंबर के शुरू में जापान के तट पर आयोजित किया गया था।
5 – IPU चुनाव : भारत की रणनीति से पाकिस्तान को मिली करारी मात, जानें कौन बना अध्यक्ष
पाकिस्तान को एक बार फिर करारी मात मिली है। इस बार मौका था अंतर संसदीय संघ (आईपीयू- इंटर पार्लियामेंट यूनियन) के चुनाव का। आईपीयू अध्यक्ष के चुनाव में पुर्तगाल को बड़े अंतर से जीत मिली। चार देशों के मुकाबले में पाकिस्तान चौथे स्थान पर रहा। इस चुनाव में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अहम भूमिका रही। बिरला ने विभिन्न देशों के साथ मिलकर पुर्तगाल की जीत सुनिश्चित करने में प्रमुख भूमिका निभाई। आईपीयू अध्यक्ष के लिए कुल 394 मत पड़े। बहुमत का आंकड़ा 198 का था और पुर्तगाल के दुतेर्ते पचेको 222 मतों के साथ जीतने में सफल रहे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पुर्तगाल के सांसद दुतेर्ते पचेको को आईपीयू अध्यक्ष का चुनाव जीतने पर बधाई दी है। उनके अन्य प्रतिद्वंदियों में उजबेकिस्तान के अकमल सैदोव को 67, कनाडा से सलमा अताउल्लाहजान को 53 व पाकिस्तान के मोहम्मद संजरानी को 52 वोट ही मिले। कोरोना काल में चुनाव प्रचार व मतदान वर्चुअल तरीके से किया गया। इस बार आईपीयू की गवर्निंग काउंसिल की 206वीं बैठक में ओम बिरला ने नई दिल्ली से ही वर्चुअल माध्यम से भारतीय संसदीय शिष्टमंडल का नेतृत्व किया।

Join Channel