बिलासपुर में बोले जेपी नड्डा-आजादी के 75 साल हो गए , हमारी परवाह कौन करता था?
हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा के लिए चुनाव होने है। सत्ताधारी बीजेपी अपनी वापसी को सुनिश्चित करने के लिए ताबड़तोड़ रैलियां कर रही है।
01:23 PM Nov 02, 2022 IST | Desk Team
हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा के लिए चुनाव होने है। सत्ताधारी बीजेपी अपनी वापसी को सुनिश्चित करने के लिए ताबड़तोड़ रैलियां कर रही है। इस बीच बुधवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बिलासपुर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हमीरपुर में पहुंचे।
Advertisement
जेपी नड्डा ने बिलासपुर में रैली को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल हो गए हैं, हमारी परवाह कौन करता था? उस समय के प्रधानमंत्री यहां गर्मी के मौसम में राजनीतिक पर्यटन के लिए आते थे। राज्य की चिंता कभी नहीं करते थे और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपके साथ खड़े हैं।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, आज कितना अंतर आ गया है। हमने 100 देशों को वैक्सीन दी है। 48 देशों को मुफ्त में वैक्सीन दी है। आज भारत लेने वाला नहीं, देने वाला भारत बन गया है। एक समय था जब प्रधानमंत्री बोलते थे कि हम 1 रुपया भेजते हैं तो 85 पैसा न जाने किस हाथ में फंस जाता है। तो दूसरी ओर, शिमला में आकर 31 तारीख को प्रधानमंत्री मोदी जी एक बटन दबाते हैं और किसानों के खाते में 2-2 हजार रूपए पहुंच जाते हैं। देश में ये बदलाव हुआ है।
Advertisement
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी जी की 10 साल सरकार रही, अटल टनल सिर्फ 1300 मीटर बना। जब केंद्र में मोदी जी की सरकार आई, तो 3 साल के अंदर 10 किमी की टनल बनाकर विकास की नई कहानी लिख दी। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज कस्ते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि जब JNU में नारे लगे ‘अफजल हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं।” तब राहुल गांधी जी इन्हीं नारे लगाने वालों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हो गए। आज ये भारत जोड़ने चले हैं।
मतदान के दौरान कड़ी होगी सुरक्षा व्यवस्था
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर 12 नवंबर को मतदान होना है। मतदान से पांच दिन पहले ही प्रदेश में 41 और केंद्रीय पुलिस बल की कंपनियां हिमाचल पहुंच जाएंगी। अतिरिक्त कंपनियों के आने से पांच नवंबर के बाद प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी हो जाएगी। हिमाचल में फ़िलहाल केंद्रीय पुलिस बलों की 25 कंपनियां आई हैं। राज्य निर्वाचन विभाग की ओर से कंपनी के जवानों को पड़ोसी राज्यों के साथ लगती हिमाचल की सीमाओं तैनात किया गया है। प्रदेश में कुल 67 कंपनियां आएंगी।
Advertisement