Kaimur Road Accident: स्कॉर्पियो और कंटेनर के बीच जोरदार टक्कर, उड़े परखच्चे, 3 की दर्दनाक मौत
Kaimur Road Accident: बिहार के कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक स्कॉर्पियो और कंटेनर के बीच टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह घटना दुर्गावती थाना क्षेत्र के छज्जूपुर पोखरा के पास एनएच-19 पर घटित हुई। बताया जा रहा है कि रोहतास जिले से उत्तर प्रदेश जा रही तेज रफ्तार एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
Kaimur Road Accident: स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। इस दुर्घटना में सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से चार की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही एनएचएआई की टीम और दुर्गावती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। किसी तरह वाहन से घायलों को बाहर निकाला गया।
Kaimur News: अस्पताल में रेफर किया
इसके बाद सभी को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर उन्हें अन्य अस्पताल में रेफर कर दिया। मृतकों की पहचान झारखंड के मुस्लिम अंसारी, रोहतास जिले के नेकरा गांव निवासी जफर अली अंसारी के पुत्र मुन्ना अंसारी और उमर अंसारी की पत्नी रजिया खातून के रूप में हुई है।
Bihar News Today: चार की हालत गंभीर
दुर्गावती थाना के सब इंस्पेक्टर विजेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मृतकों के रिश्तेदारों को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि सभी लोग सासाराम थाना क्षेत्र के नेकरा गांव से उत्तर प्रदेश जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। चिकित्सकों के मुताबिक घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ALSO READ: Bihar Voter List 2025: बिहार में SIR के बाद जारी हुई फाइनल वोटर लिस्ट, जानें कैसे कर सकते हैं चेक?