टॉप न्यूज़भारतविश्वराज्यबिजनस
खेल | क्रिकेटअन्य खेल
बॉलीवुड केसरीराशिफलSarkari Yojanaहेल्थ & लाइफस्टाइलtravelवाइरल न्यूजटेक & ऑटोगैजेटवास्तु शस्त्रएक्सपलाइनेर
Advertisement

KKR vs MI IPL 2020: मुंबई ने कोलकाता को दिया 196 रनों का टारगेट

मुंबई इंडियन्स ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग मैच में बुधवार को यहां पांच विकेट पर 195 रन बनाये।

09:55 PM Sep 23, 2020 IST | Desk Team

मुंबई इंडियन्स ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग मैच में बुधवार को यहां पांच विकेट पर 195 रन बनाये।

‘हिटमैन’ रोहित शर्मा की अपने पसंदीदा पुल शॉट से सजी लाजवाब पारी की मदद से मुंबई इंडियन्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में बुधवार को यहां पांच विकेट पर 195 रन बनाये। रोहित ने 54 गेंदों पर 80 रन की पारी खेली जिसमें तीन चौके और छह गगनदायी छक्के शामिल हैं।
उन्होंने सूर्यकुमार यादव (28 गेंदों पर 47, छह चौके, एक छक्का) के साथ दूसरे विकेट के लिये 90 रन जोड़े। केकेआर के सबसे महंगे खिलाड़ी पैट कमिन्स गेंदबाजी में भी महंगे साबित हुए। उन्होंने तीन ओवर में 49 रन लुटाये। युवा शिवम मावी ने प्रभावित किया और 32 रन देकर दो विकेट लिये।
सुनील नारायण ने 22 रन देकर एक विकेट लिया। केकेआर ने टॉस जीतकर कमिन्स की बजाय संदीप वारियर और मावी से गेंदबाजी का आगाज कराया। वारियर के पहले ओवर में रोहित ने जहां छक्का लगाया तो उनके दूसरे ओवर में सूर्यकुमार ने चार चौके जमाये लेकिन मावी ने इस बीच न सिर्फ मेडन ओवर किया बल्कि क्विंटन डिकाक (एक) को हवा में लहराता कैच देने के लिये भी मजबूर किया।
कमिन्स पांचवें ओवर में गेंदबाजी के लिये आये। उनकी शार्ट पिच गेंदों पर रोहित ने पुल शॉट की अपनी महारत दिखायी और दो छक्के लगाये। आंद्रे रसेल को भी उन्होंने यही सबक सिखाया। नारायण भी पहले ओवर में प्रभाव नहीं छोड़ पाये और ऐसे में कुलदीप यादव आठवें ओवर में छठे गेंदबाज के रूप में आक्रमण पर आये।
सूर्यकुमार ने उन पर अपना पहला छक्का जड़ा। कुलदीप और नारायण ने यहां से अंकुश लगाया। अगले चार ओवर में गेंद सीमा रेखा तक नहीं गयी और इस बीच सूर्यकुमार दूसरा रन चुराने के प्रयास में रन आउट हुए। रोहित ने इसके बाद 39 गेंदों पर टी20 में अपना 61वां अर्धशतक पूरा किया और फिर कुलदीप के आखिरी ओवर में दो छक्के लगाये।
कमिन्स के दूसरे स्पैल में छक्का जड़ने वाले सौरभ तिवारी (13 गेंदों पर 21) ने नारायण की गेंद पर लांग ऑफ पर आसान कैच दिया। नारायण ने अपने अंतिम तीन ओवरों में केवल 11 रन दिये लेकिन कमिन्स का अपनी गेंदों पर नियंत्रण नहीं था। हार्दिक ने उन पर दो चौके और तीन छक्के लगाये।
दिनेश कार्तिक को उनकी जगह रसेल को गेंद सौंपनी पड़ी लेकिन इस बीच रोहित ने मावी की गेंद पर हवा में लहराता कैच दे दिया था। हार्दिक हिटविकेट आउट हुए।
टीमें :
 
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, सौरभ तिवारी, कीरन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, कुणाल पांड्या, जेम्स पैटिंसन, राहुल चाहर, ट्रेंट बाउल्ट, जसप्रीत बुमराह। 
कोलकाता नाइट राइडर्स : सुनील नरेन, शुभमन गिल, नीतीश राणा, इयोन मोर्गन, आंद्रे रसेल, दिनेश कार्तिक (कप्तान और विकेटकीपर), निखिल नाइक, पैट कमिंस, कुलदीप यादव, संदीप वारियर, शिवम मावी। 
Advertisement
Advertisement
Next Article