शर्मनाक : रेप का विरोध किया तो भरी पंचायत में महिला का चीरहरण, दबंगों ने गर्म रॉड से की पिटाई
मधेपुरा में रेप का विरोध करने पर भरी पंचायत में महिला का चीरहरण कर दिया गया। इतना ही नहीं दबंगो ने गर्म रॉड से पीड़िता को बेरहमी से पीटा।
11:49 AM Mar 25, 2022 IST | Desk Team
बिहार से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने राज्य की कानून व्यवस्था को कटघरे में लाकर खड़ा कर दिया। मधेपुरा में रेप का विरोध करने पर भरी पंचायत में महिला का चीरहरण कर दिया गया। इतना ही नहीं दबंगो ने गर्म रॉड से महिला को बेरहमी से पीटा। इस दौरान मौजूद भीड़ से गुहार लगाती पीड़िता की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया।
Advertisement
तमाशबीन बनी रही भीड़
जानकारी के अनुसार, 20 मार्च को पीड़िता को भरी पंचायत में बुलाया गया। यहां उसके साथ अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया गया। सबसे पहले पंचायत के बीच में महिला को खड़ा कर दिया गया। फिर लोहे के रॉड को आग पर गर्म करने के बाद महिला को जानवरों की तरह पीटा गया। फिर महिला को निर्वस्त्र कर दिया गया। इस दौरान भीड़ से गुहार लगाती महिला की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया।
दूसरी बार दुष्कर्म का प्रयास, विरोध करने पर हुई अमानवीयता
घटना के बाद पीड़िता को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता के अनुसार, 19 मार्च की रात घर के बगल में शौच करने गयी थी। जहां गांव के ही कुछ युवकों ने उसे पकड़ लिया और दुष्कर्म करने की कोशिश की। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों ने किसी को नहीं बताने की धमकी दी थी। मेरे पति कदम लाल दास गांव से बाहर रहते हैं। दुष्कर्म की जानकारी अपने ससुर व सास को दी थी, लेकिन लोक लाज की वजह से चुप थी। इस वजह से मामले की शिकायत नहीं कर सकी।
वहीं 20 मार्च की सुबह चारों आरोपियों ने दुष्कर्म के लिए जबरन मकई के खेत में काबू करने का प्रयास किया, लेकिन उन लोगों की बात नहीं मानने पर मारपीट की गयी। वहीं महिला के साथ सरेआम मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस बीच मधेपुरा के एसपी राजेश कुमार ने कहा है कि मामला संज्ञान में आया है, थानाध्यक्ष को प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के गिरफ्तारी करने का निर्देश दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया है कि दूसरी बार घटना से आहत महिला ने गांव के लोगों से शिकायत की, जिसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गयी, जिसमें महिला के द्वारा आरोप लगाने के बाद मौजूद आरोपियों ने भरी पंचायत में ही लोहे का रॉड गर्म कर मारपीट शुरू कर दिया। आरोपियों ने महिला को निर्वस्त्र कर दिया।
Advertisement