बिहार में NDA को झटका देगी VIP! मुकेश सहनी की RJD नेता से मुलाकात के बाद अटकलें शुरू
बिहार की एनडीए सरकार में शामिल विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख से मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रवक्ता ने मुलाकात कर अचानक राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है।
11:59 AM Jan 20, 2022 IST | Desk Team
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ बीजेपी से सीटों के तालमेल नहीं होने से नाराज बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार में शामिल विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख से मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रवक्ता ने मुलाकात कर अचानक राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है।
Advertisement
आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी बुधवार की रात अचानक वीआईपी प्रमुख और बिहार के मत्स्य व पशुपालन मंत्री मुकेश सहनी के यहां सरकारी आवास पर मिलने पहुंचे। दोनों के नेताओं के बीच तकरीबन एक घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई। मुलाकात के बाद मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि अरुण साहनी नाम का मैराथन खिलाड़ी है, जो वैशाली जिले का रहने वाला है। वह एक चैंपियन खिलाड़ी है। उसकी नौकरी के सिलसिले में मंत्री सहनी से वह मिलने आए थे।
बिहार में शराबबंदी कानून रहेगा लागू , डिप्टी CM तारकिशोर ने संशोधन की सभी अटकलों पर लगाया विराम
उन्होंने कहा,” हम तो शुरू से ही खिलाड़ी के लिए लड़ते आए हैं। अरुण सहनी तो वैशाली से दौड़कर पटना आ जाता है। उसके साथ न्याय नहीं हो रहा है।” आरजेडी प्रवक्ता तिवारी ने कहा कि मंत्री श्री सहनी जिस समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं और वह उनके हक की लड़ाई लड़ते है। उसी समाज का खिलाड़ी अरूण सहनी है। वह यहां राजनीति करने के लिए नहीं आए थे।
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि बिहार में सरकार की नैय्या डगमगा गई है। मंत्री सहनी के पास सरकार का पतवार है और पतवार जब्त हो जाएगा तो बिहार में सरकार डूब जाएगी। उल्लेखनीय है कि मंत्री सहनी फिलहाल बीजेपी से नाराज चल रहे है। आरजेडी की ओर से उन्हें पार्टी के साथ आने का निमंत्रण पहले ही दिया जा चुका है। तिवारी ने इससे पूर्व भी कहा था कि सुबह का भुला शाम को घर आ जाये तो उसे भुला नहीं कहते हैं। मुकेश सहनी एनडीए के साथ जाने से पूर्व मुख्य विपक्षी राजद नीत महागठबंधन में शामिल थे।
Advertisement
Advertisement