महिलाओं के उत्थान के बिना कोई देश नहीं कर सकता तरक्की : सांसद अश्विनी चोपड़ा
NULL
इन्द्री : जय भारत युवा मंडल उड़ाना एवं सेल्फी विद डॉटर फांउडेशन की ओर से इंद्री की अनाजमंडी में सजदा नाम से प्रदेश स्तरीय नारी सम्मान समारोह आयोजित किया गया जिसमें करनाल के सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और उन्होंने विभिन्न क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाली सैंकड़ों लड़कियों व महिलाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में मेरे यार सुदामा रै, भाई घणे दिनों मैं आया, गीत की धूम रही। विधि एंड पार्टी की लड़कियों ने यह गीत प्रस्तुतकर सबका मन मोह लिया। इस दौरान अमर ज्योति सीनियर सैकेंडरी स्कूल कलरी जागीर की छात्राओं ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया। मंच संचालन फाउंडेशन के डायरेक्टर सुनील जागलान व पवन पबाना ने किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर मंडल व फांऊडेशन पदाधिकारियों की ओर से सांसद चोपड़ा का मामेंटो भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। मंडल के अध्यक्ष एवं उड़ाना के सरपंच सुरेंद्र ने समारोह में पहुंचे सभी का आभार जताया। उन्होंने सांसद अश्विनी चोपड़ा का धन्यवाद किया।
सांसद अश्विनी चोपड़ा ने कहा कि जय भारत युवा मंडल उड़ाना व फांऊडेशन द्वारा महिलाओं के सम्मान में इतना बड़ा कार्यक्रम करना सराहनीय है। इसके लिए मंंडल के अध्यक्ष सुरेंद्र सरपंच बधाई के पात्र हैं। सांसद ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इस समारोह में इतनी बड़ी संख्यां में महिलाएं व लड़कियां शिरकत करेंगी, उनके लिए यह एक अजूबे से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि जबतक देश में महिलाओं का उत्थान नहीं होगा, तबतक देश तरक्की नहीं करेगा। महिलाओं के उत्थान के बिना कोई भी देश आगे नहीं बढ सकता है। सभी पुरुषों को महिलाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना चाहिए। गांवों की बच्चियों को समाज में ऊंचा स्थान देना है। भारत में जितनी तरक्की महिलाओं ने की है शायद ही कोई देश ऐसा होगा जिसमें महिलाओं ने इतनी तरक्की की होगी।
करनाल की बेटी कल्पना चावला ने नासा में प्रशिक्षित होकर आसमान में उड़ान भरी और विश्व में प्रदेश का नाम रोशन किया। ऐसे ही नासा में एक ओर लड़की हरियाणा राज्य से संबंधित है जो वहां प्रशिक्षण ले रही है। जिस दिन वह लड़की आसमान की उड़ान भरेगी, उस दिन हमारा सर गर्व से ऊंचा हो जाएगा। सांसद चोपड़ा ने कहा कि ऐसे ही झांसी की रानी, अहिलाबाई जैसी अनेक शख्सियतों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है और समाज के लिए बहुत कुछ किया है और अनगिनत महिलाओं ने देश के लिए बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि मां, बेटी व बहन का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण योगदान है। मां को भगवान का दर्जा दिया जाता है। जहां भगवान नहीं पहुंचे वहां मां है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।
– नरेन्द्र धूमसी