पैरालंपिक (निशानेबाजी) : गोल्ड के बाद अवनि ने महिला 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन में जीता कांस्य
भारत की पैरा निशानेबाज अवनि लेखारा ने यहां जारी टोक्यो पैरालंपिक में महिला 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन एसएच 1 इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया। अवनि का इस पैरालंपिक में यह दूसरा पदक है।
11:40 AM Sep 03, 2021 IST | Ujjwal Jain
भारत की पैरा निशानेबाज अवनि लेखारा ने यहां जारी टोक्यो पैरालंपिक में महिला 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन एसएच 1 इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया। अवनि का इस पैरालंपिक में यह दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल एसएच 1 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था।
Advertisement
अवनि के पदक जीतने के साथ ही भारत ने टोक्यो में अबतक 12 पदक अपने नाम किए हैं। अवनि 445.9 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इस इवेंट का स्वर्ण पदक चीन की कुलपिंग झांग ने जीता जिन्होंने 457.9 का स्कोर किया जबकि जर्मनी की नतास्चा हिलट्रोप ने 457.1 अंक लेकर रजत पदक अपने नाम किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तोक्यो पैरालंपिक में कांस्य पदक जीतने पर भारतीय निशानेबाज अवनि लेखरा को बधाई दी और कहा कि उनके शानदार प्रदर्शन से उन्हें बहुत खुशी हुई। लेखरा ने पैरालंपिक में महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन एसएच1 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘तोक्यो पैरालंपिक में भारत के लिए गौरव का एक और क्षण। अवनि लेखरा के शानदार प्रदर्शन से बेहद उत्साहित हूं। देश के लिए कांस्य पदक जीतने पर उन्हें बधाइयां। भविष्य के लिए उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं।’’
19 वर्षीय अवनि ने इससे पहले इतिहास रचते हुए आर2 महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने भारत को पैरालंपिक में निशानेबाजी का पहला पदक दिलाया था। अवनि की रीढ़ की हड्डी में 2012 में हुई एक कार दुर्घटना में चोट लगी थी।
भारत ने दिन का दूसरा पदक अपने नाम किया है। अवनि से पहले प्रवीण कुमार ने पुरुष ऊंची कूद टी64 इवेंट में देश को रजत पदक दिलाया। भारत ने टोक्यो पैरालंपिक में अबतक दो स्वर्ण, छह रजत और चार कांस्य सहित कुल 12 पदक अपने नाम किए हैं।
Advertisement