Top NewsIndiaWorldOther StatesBusiness
Sports | CricketOther Games
Bollywood KesariHoroscopeHealth & LifestyleViral NewsTech & AutoGadgetsvastu-tipsExplainer
Advertisement

मोहम्मद नबी और अज़मतुल्लाह ओमरज़ाई के शतक पर भारी पथुम निसांका का दोहरा शतक

09:28 AM Feb 10, 2024 IST | Ravi Kumar

श्रीलंका के ओपनर बल्लेबाज पथुम निसांका ने शुक्रवार को अफगानिस्तान के खिलाफ तूफानी पारी खेली। उन्होंने पल्लेकेले में नाबाद 210 रन की पारी खेल इतिहास के पन्नो में अपना नाम दर्ज करा लिया। इसी के साथ निसांका श्रीलंका के लिए वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। सिर्फ वनडे ही नहीं बल्कि लिस्ट-ए क्रिकेट में भी वह ऐसा करने वाले पहले श्रीलंकाई बने हैं।

HIGHLIGHTS

Advertisement

उन्होंने श्रीलंका के पूर्व कप्तान और अपने समय के विस्फोटक ओपनर रहे सनथ जयसूर्या के 189 रन का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। निसांका ने पूर्व कप्तान कुमार संगकारा के एक रिकॉर्ड को भी अब अपने नाम कर लिया है। निसांका के दोहरे शतक की बदौलत श्रीलंका ने 50 ओवर में तीन विकेट पर 381 रन बनाए। निसांका को दूसरे सलामी बल्लेबाज़ अविष्का फर्नांडो (88) और सदीरा समरविक्रमा (45) ने अच्छा साथ निभाया। निसांका श्रीलंका के लिए वनडे में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए। इस मामले में जयसूर्या पहले स्थान पर थे। उन्होंने साल 2000 में भारत के खिलाफ 189 रन की पारी खेली थी। निसांका ने उनके रिकॉर्ड को उनके ही सामने तोड़ा। मजेदार बात यह है कि कल मैच के समय स्टेडियम में महान ऑलराउंडर जयसूर्या भी मौज़ूद थे। इस युवा ओपनर की पारी को देखकर वह खुश नज़र आये और उन्होंने खड़े होकर तालियां बजाकर इस ऐतिहासिक पारी का अभिवादन किया। निसांका ने 139 गेंद की पारी में 20 चौके और आठ छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 151.08 का रहा। इसी के साथ पथुम निसांका श्रीलंकाई जमीन पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने श्रीलंका के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज़ कुमार संगकारा को पीछे छोड़ा। संगकारा ने 2013 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 169 रन बनाए थे। तीसरे नंबर पर अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 2022 में 162 रन बनाए थे। वहीं 2023 में अफगान टीम के ही रहमनुल्लाह गुरबाज ने पाकिस्तान के खिलाफ 151 रन बनाए थे। 2009 में भारत के गौतम गंभीर ने श्रीलंका के खिलाफ 150 रन की पारी खेली थी। निसांका ने अपने 50वीं वनडे पारी में 150 से ज्यादा रन बनाए। वह ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं। इससे पहले वनडे की 50वीं पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड आयरलैंड के एंडी बलबर्नी और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग के नाम संयुक्त रूप से था। बलबर्नी ने 2019 में अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 145 रन बनाए थे। वहीं, पोंटिंग ने 1998 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 145 रन बनाए थे।

वनडे क्रिकेट में दोहरे शतक लगाने में भारत सबसे आगे

श्रीलंका के लिए पहली बार किसी खिलाड़ी ने वनडे में दोहरा शतक लगाया है। इस मामले में भारत के सबसे ज्यादा सात खिलाड़ियों के नाम दोहरे शतक हैं। जबकि न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के एक-एक खिलाड़ियों ने दोहरा शतक लगाने का कारनामा किया है। भारत की तरफ से सबसे पहले सचिन तेंदुलकर ने यह कारनामा किया था जिन्होंने 2010 में 200 रन की नाबाद पारी खेली। सचिन के अलावा वीरेंदर सहवाग, ईशान किशन और शुभमन गिल 1 बार दोहरा शतक जड़ चुके हैं जबकि रोहित शर्मा के नाम तीन बार दोहरा शतक जड़ने का कीर्तिमान दर्ज है। रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ ही कोलकाता के ईडन गार्डन में वनडे क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी 264 रन की पारी खेली थी।

नबी और ओमरजाई की शतकीय पारी हुई बेकार

श्रीलंका ने निसांका की दोहरे शतकीय पारी के दम पर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवर में 381 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद नबी ने 1 और फरीद अहमद ने 2 विकेट झटके। जवाब में अफगानिस्तान की टीम के 5 बल्लेबाज़ सिर्फ 55 रन तक पवेलियन लौट गए। लेकिन यहां से अज़मतुल्लाह ओमरज़ाई (149) और मोहम्मद नबी (136) ने 6ठे विकेट के लिए रिकॉर्ड 242 रन जोड़ अफगानिस्तान की मैच में वापसी करा दी। लेकिन श्रीलंकाई गेंदबाजों की किफायती गेंदबाजी के कारण अफगानिस्तान 339 रन पर ही रुक गया। और श्रीलंका ने 42 रन से मैच जीत लिया। श्रीलंका की तरफ से प्रमोद मदुशन ने 4 और दुश्मंता चमीरा ने 2 विकेट झटके। सीरीज का दूसरा वनडे 11 फरवरी को इसी पल्लेकेले स्टेडियम में खेला जाएगा।

Advertisement
Next Article