पंजाब, पंजाबियत और प्रवासी
9 सितंबर को होशियारपुर के एक गांव में एक प्रवासी मजदूर द्वारा अपहरण के बाद दुष्कर्म कर पांच वर्ष के बच्चे की निर्मम हत्या की पंजाब में बहुत तीखी प्रतिक्रिया हुई है। लोग इस कुकृत्य से भारी आक्रोष में हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार से आए प्रवासियों के खिलाफ एक प्रकार से बैकलैश शुरू हो गया है। कई लोग मांग कर रहे हैं कि इन्हें वापस भेज दिया जाए। ग़ुस्सा ऐसा है कि कुछ प्रवासी अपनी सुरक्षा के बारे चिन्तित हैं और वापस जाने के बारे सोच रहे हैं। होशियारपुर की वीभत्स घटना के बाद पंजाब के कई हिस्सों में प्रवासियों के खिलाफ स्पष्ट ग़ुस्सा नज़र आ रहा है। होशियारपुर और उसके आसपास की 20 पंचायतों ने प्रवासियों के खिलाफ प्रस्ताव पास किया है। और भी कई पंचायतों ने प्रस्ताव पास किया है कि वह प्रवासियों के वोट रद्द करवाएंगे और नए आधार कार्ड नहीं बनने देंगे। उनकी तम्बाकू-गुटका खाने की आदत का भी विरोध किया जा रहा है। कई तो अब इनको गांवों से निकलने की धमकी दे रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि गांवों में इन्हें मकान और ज़मीन नहीं खरीदने देंगे। पंजाब में मुस्लिम प्रवासियों की बढ़ती संख्या से भी कुछ लोग चिन्तित हैं।
यह शिकायत भी है कि प्रवासियों की बढ़ती संख्या से पंजाब की डैमोग्रैफी (जनसंख्या का अनुपात) बिगड़ रहा है। पंजाब में 1966 में सिख 61% थे जो 2011 में घटकर 57.7% रह गए हैं, पर इसका कारण प्रवासियों का आगमन ही नहीं। बड़ी संख्या में पंजाबी यूथ अपनी धरती छोड़ विदेश भाग रहे हैं। यह स्वभाविक भी है। मानव सभ्यता में प्रवासन सदियों से चलता आ रहा है। लोग उस तरफ भागते हैं जिस तरफ उन्हें बेहतर सम्भावना और मौके दिखाई देते हैं। पंजाब से गए सिखों ने तराई के क्षेत्र को अपनी मेहनत से बसा दिया था। 2011 की जनसंख्या के अनुसार पंजाब की जनसंख्या 2.7 करोड़ थी। कुछ परिवर्तन आया होगा, पर 18 लाख प्रवासी डैमोग्रैफी को कोई बड़ा खतरा नहीं है। लुधियाना में सबसे अधिक 8 लाख प्रवासी रहते हैं जिनके बल पर वहां के कारख़ाने चलते हैं। बहुत प्रवासी मौसमी हैं जो फसल के अनुसार आते-जाते हैं। अधिकतर के पास रिहायश नहीं है, पर बहुत हैं जो पीढ़ियों से यहां बस चुके हैं। जायदाद है और उनके बच्चे पंजाबी बन चुके हैं।
जो शिकायतें हम पश्चिम के देशों में अपने लोगों के बारे सुनते हैं कि वह स्थानीय लोगों का रोज़गार छीन रहे हैं, वह पंजाब में प्रवासियों के बारे भी सुनने को मिल रही है। इस कारण कुछ ईर्ष्या भी है, पर यह नियंत्रण में रहती है, क्योंकि पंजाब को इनकी जरूरत है। यह कारख़ानों, खेतों, दुकानों और घरों में काम करते है। पंजाब का अपना नौजवान यह काम करने को तैयार नहीं। उसकी नज़रें विदेश पर लगी रहती हैं, जहां अब एक के बाद एक दरवाज़े बंद हो रहे हैं। कुछ दशक पहले तक हिमाचल प्रदेश से बहुत लोग रोज़गार के लिए यहां आते थे। अब यह बंद हो गए हैं, क्योंकि वहां रोजगार मिलना शुरू हो गया है। इन लोगों के बारे ऐसी घटिया शिकायतें भी सुनने को नहीं मिलतीं थी, क्योंकि पहाड़ के लोग मैदानी से अधिक शरीफ समझे जाते हैं, पर अब कुछ हवा लग रही है। अब तो नेपाल से बहुत प्रवासी पंजाब आ रहे हैं। जालंधर से ही नेपाल बार्डर तक नियमित बस सेवा है। लुधियाना से और अधिक बसें चलती हैं। पर मैं प्रवासियों के बहिष्कार के अभियान की बात कर रहा था। इस अभियान से सरकार, किसान और कारख़ानेदार सब चिन्तित हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि, “देश में कोई भी कहीं काम कर सकता है,” उनकी बात सही है। पंजाबी खुद प्रगतिशील होने का कारण देश-विदेश में बसे हुए हैं। कई प्रदेशों में पंजाबी जनप्रतिनिधि बन चुके हैं। वहां उनके आधार कार्ड भी हैं और वोट पहचान पत्र भी, अगर यहां बिहार और उत्तर प्रदेश के प्रवासियों के खिलाफ अभियान चलेगा तो इसकी प्रतिक्रिया दूसरे प्रदेशों में भी हो सकती है। किसी को भी देश में कहीं भी बसने और काम करने का संवैधानिक अधिकार है। केवल अपराध करने का अधिकार नहीं है। कुछ साल पहले ऐसा ही अभियान दिल्ली में उत्तर-पूर्व से आए लोगों के खिलाफ चला था। लौटने के लिए उन्होंने तो दिल्ली के स्टेशन भर दिए थे। यह घटना फरवरी 2014 की है जब दिल्ली के मुनीरका में उत्तर-पूर्व की एक महिला से बदसलूकी के बाद दो गुटों में टकराव हो गया था। इससे पुराने पूर्वाग्रह सतह पर आ गए। स्थानीय लोग पूर्व के लोगों को ‘चिनकी’ कहने लगे और उनके रहन-सहन और खानपान पर आपत्ति शुरू हो गई थी। मकान मालिकों ने इन्हें मकान ख़ाली करने को कह दिया था। सोशल मीडिया पर इनके खिलाफ अभियान चलाया गया जैसे आज पंजाब में प्रवासियों के विरुद्ध चलाया जा रहा है। आख़िर में सरकार को दखल देना पड़ा और समझ आ गई कि उत्तर-पूर्व के लोगों के बिना काम नहीं चलता।
ऐसा ही आभास अब पंजाब में भी हो रहा है। खन्ना मंडी के कमिशन एजेंट हरबंस सिंह रोशा का कहना है कि, “इन्हां तो बिना पंजाब दी गड्डी नहीं चलदी”। वहां हज़ारों काम करते हैं। उद्योगपति अपनी जगह चिन्तित हैं। उद्योगपति बादिश जिंदल ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रवासियों के खिलाफ प्रचार को रोकने की मांग की है। उनका कहना था कि “प्रदेश की अर्थव्यवस्था इनके कारण तरक्की कर रही है”। उनकी चिन्ता स्वभाविक है। किसी भी कारख़ाने में 90 प्रतिशत लेबर बाहर से हैं। ज़मींदार अपनी जगह चिन्तित है क्योंकि प्रवासियों के बिना खेती नहीं हो सकती। विशेष तौर पर धान की रोपाई इनके बिना नहीं हो सकती। ज़मींदार और कारखानेदार इनकी क़ीमत जानते हैं इसीलिए इन्हें पूरी सुरक्षा देते हैं। कई इन्हें आवास देते हैं। कई तो पीढ़ियों से यहां हैं। वह बराबर के पंजाबी हैं। उद्योगपति टीआर मिश्रा ने बताया है कि वह 60 साल पहले यहां आए थे और यहां बस गए। वह कहते हैं, “मैं इस बात का प्रमाण हूं कि पंजाब के समाज ने मुझे स्वीकार किया”। यह संतोष की बात है कि कई किसान जत्थेबंदियां, लेबर यूनियन, बुद्धिजीवी, लेखक, पत्रकार सब अपील कर रहे हैं कि प्रवासियों के खिलाफ नफरत भरे अभियान को रोका जाए।
सोशल मीडिया पर प्रवासियों के खिलाफ अभियान देखने के बाद आनंदपुर साहिब की म्यूनिसिपल कौंसिल के प्रधान हरजीत सिंह जीता ने उन्हें बाहर निकालने के विरुद्ध पुलिस में बाक़ायदा शिकायत दर्ज करवाई है। उनका कहना है कि ऐसा सिख परम्परा के विरुद्ध है और इससे पंजाब में साम्प्रदायिक तनाव पैदा हो सकता है। उनका कहना है कि गुरुद्वारे सबके साझें हैं “और अगर मैं पटना साहिब माथा टेकने जा सकता हूं तो दूसरी जगह से श्रद्धालु आनंदपुर साहिब भी आ सकते हैं”। यह पंजाबियत की भावना है जो स्वाभाविक भी है, क्योंकि यह गुरुओं की धरती है जिन्होंने किसी भी तरह के भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई थी। प्रवासी विरोधी अभियान पंजाब के उदार चरित्र के खिलाफ है। इसे तत्काल बंद करना चाहिए। बिहार में पटना साहिब से विशेष रिश्ता है, क्योंकि गुरु गोबिन्द सिंह की जन्मस्थली है। हम बिहारी को कैसे निकाल सकते हैं ? पर डर का माहौल ऐसा बनाया जा रहा है कि कुछ वापस जाने के लिए तैयार हैं। यह केवल उन्हीं का दुर्भाग्य नहीं होगा, पंजाब का भी दुर्भाग्य होगा। एक मानसिक तौर पर अस्वस्थ व्यक्ति की घिनौनी हरकत के लिए सारे समुदाय को सूली पर लटकाना सही नहीं होगा। काली भेड़ें सबके पास हैं। पंजाबियों में भी है। हम तो बड़े-बड़े गैंगस्टर पैदा कर रहे हैं, जो सलूक विदेशों में हमारे लोगों के साथ किया जा रहा है वैसा हमें अपने लोगों के साथ नहीं करना चाहिए, जो उस व्यक्ति ने किया वह माफ़ नहीं होना चाहिए।
आशा है सरकार और पुलिस जल्द से जलद उचित सजा देगी ताकि एक मिसाल क़ायम हो सके। पर यह भी नहीं भूलना चाहिए कि प्रवासियों का बड़ा वर्ग पूरी ईमानदारी से अपनी ड्यूटी निभाता है। बड़े ज़मींदार एच.एस. ढिलों ने मुझे बताया कि उनके पास नेपाल से आए परिवार की तीसरी पीढ़ी काम कर रही है। कभी कोई शिकायत नहीं उठी। मेरे अपने पास प्रवासी काम करते हैं। बड़ी अच्छी तरह काम करते हैं। कई पंजाबी तो रखवाली के लिए प्रवासियों के हवाले मकान जायदाद छोड़कर विदेश चले गए हैं। मुझे आशा है कि आख़िर में भाईचारा और पंजाबियत की भावना प्रबल रहेगी। पंजाब में पहले ही बहुत चुनौतियां हैं। बाढ़ ने हालत और खराब कर दी है। अब यह नया संकट नहीं खड़ा करना चाहिए। हमें सामाजिक और आर्थिक अस्थिरता नहीं चाहिए। बिहार में होने वाले चुनावों के कारण भी मामला भड़काया जा सकता है। यह सब लिखने के बाद यह जरूर कहना चाहूंगा कि जो बाहर से आते हैं उन पर कुछ नजर जरूर रखी जानी चाहिए। पुलिस को सक्रिय होना पड़ेगा ताकि अपराधी क़िस्म के लोग प्रवेश न पा सके। अनियंत्रित प्रवेश कई बार समस्या खड़ी कर सकता है। जैसे होशियारपुर के गांव में हो कर हटा है।