सात और गवाहों ने मुम्बई हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद के खिलाफ गवाही दी
पाकिस्तान की एक आतंकवादी निरोधक अदालत में सात और गवाहों ने मुम्बई हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद के खिलाफ आतंकवाद के वित्तपोषण में उसकी संलिप्तता के बारे में शुक्रवार को गवाही दी।
12:49 AM Jan 04, 2020 IST | Shera Rajput
पाकिस्तान की एक आतंकवादी निरोधक अदालत में सात और गवाहों ने मुम्बई हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद के खिलाफ आतंकवाद के वित्तपोषण में उसकी संलिप्तता के बारे में शुक्रवार को गवाही दी।
Advertisement
लाहौर की आतंकवाद निरोधक अदालत ने सईद और उसके करीबियों — हाफिज अब्दुल सलाम, मुहम्मद अशरफ और जफर इकबाल को 11 दिसंबर को आतंकवाद के वित्त पोषण के आरोपों में अभ्यारोपित किया था।
बृहस्पतिवार को पांच गवाहों ने सईद और उसके करीबी इकबाल के खिलाफ गवाही दी थी।
अदालत के एक अधिकारी ने सुनवाई के बाद कहा, ‘‘ सात और गवाहों ने चार घंटे तक चली सुनवाई के दौरान सईद और इकबाल की आतंकवाद के वित्तपोषण में संलिप्तता को लेकर उनके खिलाफ गवाही दी।’’
उन्होंने बताया कि सईद के वकीलों ने गवाहों से जिरह की।
आतंकवाद निरोधक अदालत के न्यायाधीश अरशद हुसैन भुट्टा ने यह सुनवाई शनिवार तक के लिए स्थगित कर दी।
पंजाब पुलिस के आतंकवाद निरोधक विभाग ने जमात उद दवा के प्रमुख और इकबाल को उच्च सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया।
जमात उद दावा, लश्कर ए तैयबा से जुड़ा संगठन है जिसने 2008 में मुम्बई में हमला किया था। इस हमले में 166 लोगों की जान चली गयी थी।
Advertisement