For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

चन्नी की ‘यूपी, बिहार, दिल्ली वाले भैया’ टिप्पणी की स्मृति ईरानी ने की आलोचना

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की ‘यूपी, बिहार, दिल्ली वाले भैया’ टिप्पणी को अप्रिय और शर्मनाक करार देते हुए बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोगों को जोड़ती है, जबकि कांग्रेस उन्हें विभाजित करती है।

12:08 AM Feb 17, 2022 IST | Shera Rajput

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की ‘यूपी, बिहार, दिल्ली वाले भैया’ टिप्पणी को अप्रिय और शर्मनाक करार देते हुए बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोगों को जोड़ती है, जबकि कांग्रेस उन्हें विभाजित करती है।

चन्नी की ‘यूपी  बिहार  दिल्ली वाले भैया’ टिप्पणी की स्मृति ईरानी ने की आलोचना
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की ‘यूपी, बिहार, दिल्ली वाले भैया’ टिप्पणी को अप्रिय और शर्मनाक करार देते हुए बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोगों को जोड़ती है, जबकि कांग्रेस उन्हें विभाजित करती है।
Advertisement
चन्नी का बयान भारतीयता की भावना के खिलाफ  – ईरानी
भाजपा उम्मीदवार विजय सांपला के समर्थन में शाम में हदियाबाद में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा कि चन्नी का बयान भारतीयता की भावना के खिलाफ है और यह समाज को तोड़ने के प्रति लक्षित है।
गौरतलब है कि चन्नी ने रूपनगर में एक चुनावी रैली के दौरान लोगों से उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली के ‘‘भैया’’ को राज्य में प्रवेश नहीं करने देने की अपील कर विवाद खड़ा कर दिया। उनकी यह टिप्पणी संभवत: आम आदमी पार्टी के नेताओं को ध्यान में रखकर की गई प्रतीत होती है।
Advertisement
प्रियंका गांधी पंजाब की बहू हैं – पंजाब के मुख्यमंत्री 
पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘(कांग्रेस नेता) प्रियंका गांधी पंजाब की बहू हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली के भैया, जो पंजाब में राज करना चाहते हैं, हम उन्हें राज्य में घुसने नहीं देंगे।’’ चन्नी कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भी हैं।
उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के संदर्भ में ‘‘भैया’’ शब्द को आम तौर पर आपत्तिजनक माना जाता है।
ईरानी ने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश के श्रमिक भी देश की प्रगति में पंजाब के लोगों से कंधे से कंधा मिलाकर योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि चन्नी का बयान अप्रिय और शर्मनाक है।
चन्नी को अपनी व्यक्तिगत राजनीति छोड़ कर राष्ट्रनीति का सम्मान करना चाहिए – केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चन्नी को अपनी व्यक्तिगत राजनीति छोड़ कर राष्ट्रनीति का सम्मान करना चाहिए।
भाजपा नेता ने गांधी परिवार पर यह आरोप भी लगाया कि उसने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर एकपक्षीय तरीके से फैसला किया। उन्होंने कहा कि इससे एक बार फिर यह साबित हो गया है कि यह गांधी परिवार है, जो निर्णय करता है न कि जनता जर्नादन।
ईरानी ने 1984 के सिख-विरोधी दंगों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा 
ईरानी ने प्रदेश कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू का नाम लिये बगैर कहा कि कांग्रेस नेता पाकिस्तान गये थे और दावा किया था कि पड़ोसी देश के प्रधानमंत्री इमरान खान उनके अच्छे मित्र हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने पाकिस्तानी थल सेना के प्रमुख जनरल बाजवा को गले भी लगाया था और ऐसा कर भारत के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाया था।
मंत्री ने 1984 के सिख-विरोधी दंगों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने बेकसूर सिखों के हत्यारों को 30 वर्षों तक संरक्षण दिया, जबकि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने उन्हें (दोषियों को) जेल भेजा।
उन्होंने कोविड-19 से निपटने के मुद्दे पर कहा, ‘‘विश्व में यह चिंता थी कि 135 करोड़ लोगों का देश महामारी का सामना कैसे करेगा, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें दिखा दिया कि यह कैसे किया जाता है।’’
फगवाड़ा में एक औद्योगिक इकाई की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि इसने सर्वप्रथम-मंजूरी प्राप्त पीपीई नमूना सूट का उत्पादन किया था। इसके बाद 1,110 अन्य कंपनियों ने अगले तीन महीने में इस तरह के किट का उत्पादन किया, जिसने भारत को इसका दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक बना दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘यदि (केंद्र में) कांग्रेस की सरकार रही होती तो वह महामारी से निपटने में और गरीबों को मुफ्त राशन देने में नाकाम हो गई होती।
इससे पहले, कपूरथला में एक अन्य चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ईरानी ने पंजाब के लोगों से राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा नीत गठबंधन को सत्ता में लाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि केवल भाजपा नीत सरकार ही इस सीमावर्ती राज्य का सर्वांगीण विकास और सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।
उन्होंने 20 फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट देने की लोगों से अपील करते हुए आश्वस्त किया कि अगले पांच वर्षों में पंजाब की अर्थव्यवस्था में नयी जान फूंकने के लिए एक लाख करोड़ रुपये की लागत से बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा।
Advertisement
Author Image

Shera Rajput

View all posts

Advertisement
×