'सपा का PDA मतलब परिवार डेवलपमेंट एसोशिएशन', बोले डिप्टी CM Keshav Prasad Maurya
सपा का पीडीए मतलब परिवार डेवलपमेंट एसोशिएशन: केशव प्रसाद मौर्य
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सम्राट अशोक की जयंती समारोह में कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है और पीएम मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा का पीडीए मतलब परिवार विकास प्राधिकरण है। मोदी सरकार ने भगवान बुद्ध के स्थलों का विकास किया और वक्फ संशोधन विधेयक को कानून बना दिया।
यूपी सरकार के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को सम्राट अशोक की जयंती समारोह कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। केशव प्रसाद मौर्य ने मंच से कहा कि सम्राट अशोक महान थे। पराजय उन्हें छू नहीं सकी। जिस भाजपा का मैं कार्यकर्ता हूं, वह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है। महान अशोक के शासन का पालन करने वाले पीएम मोदी हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि हाल ही में मोदी जी थाईलैंड और श्रीलंका गए थे। वे थाईलैंड में दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा के पास गए और वहां बौद्ध भिक्षुओं से बातचीत की। यूएनओ में मोदी जी ने कहा कि हमने दुनिया को बुद्ध दिया है।
मोदी सरकार ने भगवान बुद्ध की पाली भाषा को व्यापक बनाया है। भगवान के जीवन से जुड़े स्थलों का विकास मोदी सरकार में हुआ है। 2017 से पहले जब यूपी में सपा की सरकार थी तो गुंडागर्दी चरम पर थी। पूरा प्रदेश दंगों की आग में जल रहा था।
उन्होंने कहा कि 2017 से प्रदेश में रामराज्य आया है। अब कहीं कोई दंगा नहीं होता। इस सरकार में हर वर्ग खुश है। 2017 के चुनाव से पहले हमें प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। 2017 में हमने 325 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में दूसरी बार सरकार बनी। 2022 के विधानसभा चुनाव में कुछ सीटें कम हुईं लेकिन हमारी सरकार बनी। पिछले 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से कुछ सीटें कम हुईं लेकिन मोदी जी ने सरकार बनाई है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमारी सरकार ने सवर्ण और पिछड़ी जातियों का भेदभाव खत्म किया है। मोदी जी ने भेदभाव खत्म किया है। आज बसपा का नामोनिशान नहीं है। सपा अफवाह फैला रही है। सपा पीडीए का राग अलाप रही है। इनका पीडीए फर्जी है। इनका पीडीए परिवार विकास प्राधिकरण है। विपक्ष वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध कर रहा है। मोदी जी ने वक्फ संशोधन विधेयक को कानून बना दिया। इससे गरीब मुसलमानों को फायदा होगा।
कुशीनगर के पडरौना कस्बे में आयोजित सम्राट अशोक की जयंती समारोह कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। सबसे पहले सम्राट अशोक के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम हुआ। उसके बाद स्थानीय विधायक मनीष जायसवाल ने मंच से संबोधन किया। सांसद विजय कुमार दुबे ने भी मंच से संबोधन किया। इन सभी नेताओं ने अपने संबोधन में सरकार के काम की तारीफ की।
हनुमान जयंती पर बलिया के हनुमान गढ़ी मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़

Join Channel