W3Schools
For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

सैफ पर हुआ हमला दुखद, मामले को हम गंभीरता से ले रहे हैं : एकनाथ शिंदे

सैफ अली खान पर हुए हमले को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताई।

07:49 AM Jan 17, 2025 IST | Rahul Kumar Rawat

सैफ अली खान पर हुए हमले को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताई।

सैफ पर हुआ हमला दुखद  मामले को हम गंभीरता से ले रहे हैं   एकनाथ शिंदे

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को एक दर्दनाक और दुर्भाग्यपूर्ण घटना करार दिया। उन्होंने कहा कि कलाकारों पर इस तरह का हमला बिल्कुल गलत है और यह समाज के लिए एक चिंताजनक संकेत है। एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को मीडिया से कहा कि यह मामला बहुत ही दुखद और दर्दनाक है। कलाकारों पर इस तरह के हमले कभी भी स्वीकार्य नहीं हो सकते। यह घटना पूरी तरह से गलत है और हम इसे गंभीरता से ले रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, चोरी के उद्देश्य से आरोपी ने यह कदम उठाया था।

सैफ अली खान पर हुए हमले पर शिंदे का बयान

एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य सरकार सभी नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस प्रकार की घटनाओं की रोकथाम के लिए अपनी जिम्मेदारी पूरी करेगी और भविष्य में इस तरह की कोई घटना नहीं होने दी जाएगी। जहां एक तरफ उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है, वहीं मुंबई पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर सत्यनारायण चौधरी ने इस पर अलग बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस समय तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमले के बाद आरोपी का सुराग जुटाने के लिए विभिन्न स्थानों पर जांच की जा रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि गुरुवार तड़के चोरी के इरादे से घर में घुसे चोर ने अभिनेता सैफ अली खान पर धारदार हथियार से हमला किया। हमले में एक्टर घायल हो गए। इसके बाद उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई। अभिनेता के स्वास्थ्य को लेकर उनकी टीम की तरफ से बयान जारी कर कहा गया कि वह अब खतरे से बाहर हैं।

Advertisement
Advertisement W3Schools
Author Image

Rahul Kumar Rawat

View all posts

Advertisement
×