हरियाणा विधानसभा में धर्मांतरण रोधी विधेयक पेश किए जाने के बाद हंगामा, विहिप ने किया स्वागत
हरियाणा की खट्टर सरकार ने जबरन या धोखाधड़ी से धर्म परिवर्तन के खिलाफ प्रावधान वाला एक विधेयक शुक्रवार को विधानसभा में पेश किया, जिसके बाद सदन में हंगामा हो गया।
08:20 PM Mar 04, 2022 IST | Desk Team
हरियाणा की खट्टर सरकार ने जबरन या धोखाधड़ी से धर्म परिवर्तन के खिलाफ प्रावधान वाला एक विधेयक शुक्रवार को विधानसभा में पेश किया, जिसके बाद सदन में हंगामा हो गया।
Advertisement
विधेयक की एक प्रति फाड़ने की वजह से बजट सत्र से निलंबित कर दिया
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कांग्रेस विधायक रघुवीर सिंह कादियान को सदन में विधेयक की एक प्रति फाड़ने की वजह से बजट सत्र से निलंबित कर दिया। कादियान के निलंबन के विरोध में कांग्रेस सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया। गृह मंत्री अनिल विज ने यहां विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन हरियाणा अवैध धर्मांतरण रोकथाम विधेयक, 2022 पेश किया। विधेयक पेश किए जाने के बाद, कादियान ने आरोप लगाया कि यह विभाजनकारी नीतियों को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा- विधेयक में किसी धर्म का उल्लेख नहीं
मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने कहा कि विधेयक में किसी धर्म का उल्लेख नहीं है और इसमें केवल जबरन धर्मांतरण का जिक्र है। कांग्रेस सदस्य खट्टर की किसी टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए अपनी सीटों से उठ खड़े हुए। कादियान ने विधेयक की प्रति फाड़ दी, जिससे विधानसभा अध्यक्ष नाराज हो गए।
वहीं, जब कादियान ने कहा कि यह एक साधारण कागज है, तो विधानसभा अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि विधेयक एक कानूनी दस्तावेज है। विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस सदस्य से अपने कृत्य पर खेद व्यक्त करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि वह सदन में इस तरह के व्यवहार की अनुमति नहीं देंगे। इसके बाद गुप्ता ने कादियान को बजट सत्र से निलंबित कर दिया।
राष्ट्र विरोधी षड्यंत्र रचने वाले तत्वों एवं ऐसी गैर कानूनी गतिविधियों पर रोक लगेगी
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने अवैध धर्मांतरण पर रोक लगाने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा विधानसभा में विधेयक प्रस्तुत करने के निर्णय का शुक्रवार को स्वागत करते हुए कहा कि इसके कानूनी स्वरूप लेने पर राष्ट्र विरोधी षड्यंत्र रचने वाले तत्वों एवं ऐसी गैर कानूनी गतिविधियों पर रोक लगेगी। विहिप के संयुक्त महामंत्री डॉ सुरेंद्र जैन ने अपने बयान में कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने यह विधेयक प्रस्तुत करके दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है।
हरियाणा में परस्पर सौहार्द और शांति का माहौल बनेगा
उन्होंने कहा, ‘‘अगर यह विधेयक पारित होता है तब इससे अवैध धर्मांतरण, लव जिहाद तथा इन के माध्यम से राष्ट्र विरोधी षड्यंत्र रचने वाले तत्वों पर इस कानून से अवश्य रोक लगेगी।’’ जैन ने कहा कि इसके कानूनी स्वरूप लेने पर हरियाणा में परस्पर सौहार्द और शांति का माहौल बनेगा तथा हरियाणा विकास की ओर द्रुत गति से बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा हमेशा से धर्म क्षेत्र रहा है जहां मानव सभ्यता हमेशा पुष्पित- पल्लवित होती रही है लेकिन पिछले समय में कई क्षेत्रों में अवैध धर्मांतरण एवं राष्ट्र विरोधी गतिविधियां बढ़ने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
कादियान को सदन में विधेयक की एक प्रति फाड़ने की वजह से बजट सत्र से निलंबित कर दिया
विहिप के संयुक्त महामंत्री ने दावा किया कि ऐसे तत्व हरियाणा की कानून व्यवस्था को चुनौती देने का दुस्साहस कई बार कर चुके हैं। गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने जबरन या धोखाधड़ी से धर्म परिवर्तन के खिलाफ प्रावधान वाला एक विधेयक शुक्रवार को विधानसभा में पेश किया, जिसके बाद सदन में हंगामा हो गया। गृह मंत्री अनिल विज ने विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन हरियाणा अवैध धर्मांतरण रोकथाम विधेयक, 2022 पेश किया। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कांग्रेस विधायक रघुवीर सिंह कादियान को सदन में विधेयक की एक प्रति फाड़ने की वजह से बजट सत्र से निलंबित कर दिया।
Advertisement