अमेरिका ने बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी को आतंकी संगठन घोषित किया
अमेरिका ने पाकिस्तान में स्थित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) और उसके सहयोगी संगठन मजीद ब्रिगेड को विदेशी आतंकवादी संगठन (Foreign Terrorist Organization - FTO) घोषित कर दिया है। अमेरिका ने यह कदम आतंकवाद से निपटने की दिशा में उठाया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि 2019 में ही बीएलए को ‘विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी’ (Specially Designated Global Terrorist - SDGT) के रूप में सूचीबद्ध किया गया था। तब से इस संगठन ने कई आतंकी हमलों की जिम्मेदारी ली है, जिनमें मजीद ब्रिगेड द्वारा अंजाम दिए गए हमले भी शामिल हैं।
जानें क्या हैं बीएलए
बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) एक संगठन है जो पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की स्वतंत्रता के लिए लड़ रहा है। इसकी स्थापना 2000 के दशक की शुरुआत में हुई और इसे कई देशों द्वारा आतंकी संगठन भी घोषित किया गया है। BLA का दावा है कि बलूचिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों का शोषण हो रहा है और बलूच लोगों के अधिकार छीन लिए गए हैं। यह संगठन पाकिस्तानी सेना, सरकार और चीनी प्रोजेक्ट्स जैसे CPEC को निशाना बनाता रहा है। BLA अपनी गुरिल्ला शैली के लिए जाना जाता है। यानी पहाड़ी इलाकों में छिपकर सेना पर हमला करना और तुरंत वापस लौट जाना।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने जारी किया बयान
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा, आज विदेश विभाग बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) और उसके उपनाम मजीद ब्रिगेड को एक विदेशी आतंकवादी संगठन (एफटीओ) के रूप में नामित कर रहा है। मजीद ब्रिगेड को बीएलए के पिछले विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी (SDGT) के साथ एक सहयोगी के रूप में जोड़ रहा है। कई आतंकवादी हमलों के बाद 2019 में BLA को SDGT घोषित किया गया था।