IPL 2025 में किसे बनते देखना चाहते हैं चैंपियन शिखर धवन? पंजाब नहीं इस टीम का लिया नाम
पंजाब को नहीं, धवन ने मुंबई को बताया चैंपियन
शिखर धवन ने आईपीएल 2025 के फाइनल में मुंबई इंडियंस को चैंपियन बनते देखने की इच्छा जताई है। उन्होंने मुंबई के संतुलित प्रदर्शन की तारीफ की और कहा कि उनकी टीम हर विभाग में बेहतरीन खेल दिखा रही है। धवन का मानना है कि मुंबई की हालिया वापसी प्रशंसा के योग्य है।
इंडियन प्रीमियर लीग 2025 अब अपने फाइनल स्टेज पर पहुंच चुका है। 3 जून को इस सीजन का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी है। वहीं, पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच आज यानी 1 जून को क्वालिफायर-2 खेला जा रहा है, जिसके विजेता को फाइनल में आरसीबी से भिड़ना है।
अगर पंजाब की टीम फाइनल में पहुंचती है और जीतती है, तो यह पहली बार होगा जब वो आईपीएल ट्रॉफी उठाएगी। पंजाब और आरसीबी दोनों ही शुरुआती सीजन से इस टूर्नामेंट का हिस्सा हैं, लेकिन अभी तक खिताब जीतने में नाकाम रही हैं।
इसी बीच भारत के पूर्व ओपनर और आईपीएल के अनुभवी खिलाड़ी शिखर धवन ने एक इंटरव्यू में बताया कि वो इस बार किस टीम को विजेता बनते देखना चाहते हैं। इंडिया टुडे से बातचीत में धवन ने कहा, “इस बार का आईपीएल काफी मजेदार रहा है। मेरी फाइनल में पूरी सपोर्ट मुंबई इंडियंस के साथ है। उनकी टीम इस समय शानदार खेल दिखा रही है। हर डिपार्टमेंट में उनका बैलेंस बहुत अच्छा है। उन्होंने जिस अंदाज़ में वापसी की है, वो तारीफ के काबिल है।”
‘इंग्लैंड सीरीज में कप्तानी के साथ बल्ले से भी जिम्मेदारी निभानी होगी शुभमन गिल को’ बोले सबा करीम
दिलचस्प बात ये है कि धवन खुद भी मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स दोनों के लिए खेल चुके हैं। 2009 और 2010 में वो मुंबई की टीम का हिस्सा थे, जबकि 2022 के मेगा ऑक्शन में पंजाब से जुड़े और वहां कप्तानी भी की। 2023 और 2024 में उन्होंने पंजाब की कप्तानी की लेकिन टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच पाई। अगस्त 2024 में उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
आईपीएल में उनका रिकॉर्ड भी काफी शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 222 मैचों में 6769 रन बनाए हैं। उन्होंने दिल्ली, मुंबई, डेक्कन, हैदराबाद और पंजाब की जर्सी पहनी है। उनका सबसे यादगार सीजन 2016 रहा, जब वो सनराइजर्स हैदराबाद के साथ चैंपियन बने थे।
शिखर भले अब मैदान से दूर हों, लेकिन उनका क्रिकेट के प्रति जुनून आज भी कायम है।